उरई जिले में रामपुरा थाना क्षेत्र के कदमपुरा गांव के पास शनिवार शाम करीब पांच बजे स्कूली बस और इलेक्ट्रिक स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार आशीष उर्फ राजा (38) निवासी बगियापुरा, जिला भिंड की मौत हो गई। वह बहन के निधन के बाद शांति पाठ में शामिल होने अपने भांजे के यहां कूसेपुरा आया था और घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गया।
आशीष परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से पत्नी, तीन बेटियों और एक बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल आशीष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशीष की बड़ी बेटी रुचि (19) की नवंबर में शादी होनी तय थी।
