जौनपुर के रामपुर थाना क्षेत्र के भरसठ गांव में स्कूल जाते समय 10 साल के एक बच्चे का अपहरण हो गया। पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात पर केस दर्ज कर तलाश शुरू की है।
.
गढ़वा हेमराज गांव के विजय कुमार जैसवार की पत्नी सुशीला देवी ने बताया कि उनका बेटा दिवाकर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे मां सरस्वती ज्ञान मंदिर, भरसठ जाने के लिए घर से निकला था। आरोप है कि भरसठ स्थित शिव मंदिर के पास गोपालापुर निवासी अरबाज और उसका एक अज्ञात साथी दिवाकर को उठा ले गए।
सुशीला देवी ने बताया कि अरबाज पहले भी उनके गांव आता-जाता था। उन्होंने पार्वती देवी पर भी आरोप लगाया कि अरबाज उनके घर भी आता था। परिजनों को शक है कि सभी ने मिलकर साजिश के तहत बच्चे का अपहरण किया है। दिवाकर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है।
रामपुर पुलिस ने अरबाज, पार्वती देवी और एक अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मड़ियाहूं क्षेत्राधिकारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे की बहन से बात की जा रही है। तलाश के लिए पांच थानों की पुलिस टीम और एसओजी को लगाया गया है।
