महराजगंज के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। संदीप कुमार ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

.

उसका छोटा भाई शिवम कुमार गंभीर हालत में भर्ती है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

बाइक खड़ी करने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, श्यामदेउरवां निवासी जयकिशन 15 अक्टूबर को मुहम्मदपुर गांव में सामान खरीदने गया था। उसने अपनी बाइक संदीप कुमार के दरवाजे पर खड़ी कर दी। इस पर संदीप की मां ने विरोध जताया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।

आरोप है कि बाद में संदीप अपने छोटे भाई के साथ श्यामदेउरवां कस्बे में गया था। इसी दौरान जयकिशन ने अपने साथियों के साथ उन्हें घेर लिया और रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई।

तीन लोग घायल, संदीप की मौत

मारपीट में संदीप और उसके छोटे भाई शिवम को गंभीर चोटें आईं। दूसरे पक्ष से जयकिशन भी घायल हुआ। तीनों को उपचार के लिए सीएचसी परतावल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद संदीप और शिवम की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान संदीप कुमार की मौत हो गई। वहीं, उसके भाई शिवम की हालत नाजुक बताई जा रही है। संदीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग संरक्षण में

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि 16 अक्टूबर को जयकिशन, अमित, राज और विजयपाल को गिरफ्तार किया गया है। एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

एएसपी के मुताबिक, मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



Source link