रामपुर बगहा पंचायत में जांच के दौरान अधूरे मिले निर्माण कार्य, अभिलेखों और मौके की स्थिति में भी मिला अंतर
रामकोला। रामकोला ब्लॉक की रामपुर बगहा ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की जांच में वित्तीय अनियमितता और निर्माण कार्यों में खामियां सामने आई हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन ग्राम प्रधान/प्रशासक मंजीरा देवी से 1,02,813 रुपये की वसूली का आदेश जारी किया गया है।
ग्राम पंचायत निवासी राधेश्याम चौबे की शिकायत पर डीएम के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई थी। जांच के दौरान अधिकारियों ने मौके पर जाकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही अभिलेखों और भुगतान संबंधी दस्तावेज की जांच की।
इसमें सोख्ता निर्माण अधूरा और निर्धारित मानकों के विपरीत मिला। अभिलेखों में निर्माण कार्य पूरा होने और भुगतान किए जाने का उल्लेख था जबकि मौके पर स्थिति अलग मिली। मजदूरी भुगतान से जुड़े अभिलेखों में भी अनियमितताएं पाई गईं।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, विकास कार्यों में कुल 3,08,438 रुपये की धनराशि का दुरुपयोग किया गया। इस संबंध में तत्कालीन प्रधान/प्रशासक मंजीरा देवी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। उनके जवाब और उपलब्ध अभिलेखों की जांच के बाद दुरुपयोग की गई धनराशि के एक तिहाई हिस्से यानी 1,02,813 रुपये की वसूली की संस्तुति की गई।
डीएम की ओर से जारी आदेश में उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम के तहत धनराशि वसूलकर ग्राम पंचायत के ग्राम निधि-एक खाते में जमा कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही जमा धनराशि की रसीद एक सप्ताह के भीतर जिला पंचायत राज अधिकारी, कुशीनगर के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया है।
इस संबंध में बीडीओ विजय कुमार सिंह ने बताया कि डीएम के आदेश पर कराई गई जांच में अनियमितता मिली है। आदेश के अनुसार संबंधित धनराशि की वसूली की जाएगी।
