जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। अदालत ने लगभग साढ़े सात साल बाद महिला की हत्या के दोषी पति, जेठ और जेठानी को आजीवन कारावास और दस-दस हजार रुपये अर्थदंड की सजा से दंडित किया है।
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि चार जून 2019 को मुकदमा वादी अंकित शर्मा पुत्र राजकुमार निवासी गांव कलिया कल्याणपुर थाना बाबूगढ़ छावनी जिला हापुड़ ने कोतवाली खुर्जा नगर पर दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया था कि पांच जून 2017 को मेरी बड़ी बहन प्रीति शर्मा की शादी भानू शर्मा पुत्र स्वर्गीय जगदीश शर्मा निवासी गांव समसपुर थाना खुर्जा के साथ हुई थी।
ससुराल पक्ष के लोग शादी में लिए दान-दहेज से खुश नहीं और शादी के कुछ दिनों के बाद से ही पति भानू, जेठ योगेश और जेठानी माया शर्मा ने उसका उत्पीड़न करना शुरू कर दिया था। भानू अपनी भाभी के कहने में चलता था और आए-दिन उसकी बहन के साथ मारपीट करता था। कई बार रिश्तेदारों को बैठाकर दोनों को समझाया भी गया। लेकिन वह नहीं माने और चार जून 2019 को आरोपितों ने उसकी बहन प्रीति की जलाकर हत्या कर दी।
