झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में इलाज कराना अब मरीजों की जेब पर भारी पड़ेगा। यहां खून, पेशाब और अन्य पैथोलॉजी जांचों के साथ न्यूरो, यूरो व नेफ्रो से जुड़ी जांचों और ऑपरेशन का शुल्क बढ़ाया जाएगा। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), लखनऊ की शुल्क दरें लागू करने का निर्णय लिया है। नई दरें एक सप्ताह के भीतर लागू होने की संभावना है।

शुक्रवार को प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने उप-प्राचार्य और संबंधित विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर नई शुल्क व्यवस्था की रूपरेखा तय की। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में वर्तमान में शासन की पुरानी दरों पर जांच और उपचार की सुविधा मिल रही है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद अधिकांश जांचों और कई प्रक्रियाओं के शुल्क में वृद्धि होगी।

सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में प्लास्टिक सर्जरी, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी और यूरोलॉजी की ओपीडी व आईपीडी संचालित होती हैं। अधिकारियों के अनुसार नई दरें केवल इसी ब्लॉक में लागू होंगी। मेडिकल कॉलेज की सामान्य ओपीडी और अन्य वार्डों में पुरानी शुल्क व्यवस्था यथावत रहेगी।

अधिकारियों का कहना है कि बिलिंग सॉफ्टवेयर में मरीज की आईडी दर्ज होते ही संबंधित ब्लॉक के अनुसार शुल्क स्वतः लागू हो जाएगा, जिससे अलग-अलग दरों के बावजूद बिलिंग में कोई परेशानी नहीं होगी।

इन जांचों के भी शुल्क बढ़ेंगे

यूरिक एसिड : 15 से 30 रुपये

क्रिएटिनिन : 15 से 40 रुपये

इलेक्ट्रोलाइट्स : 63 से 105 रुपये

लिपिड प्रोफाइल : 75 से 250 रुपये

एलएफटी : 60 से 170 रुपये

केएफटी : 23 से 60 रुपये

थायराइड प्रोफाइल : 210 से 320 रुपये

एचबीए1सी : 70 से 360 रुपये

विटामिन-डी : 600 से 880 रुपये

विटामिन बी-12: 200 से 550 रुपये

सीआरपी : 28 से 285 रुपये

फेरिटिन : 200 से 250 रुपये

यूरोलॉजी की जांचें भी होंगी शुल्कयुक्त

अब तक निशुल्क होने वाली लिथोट्रिप्सी के लिए न्यूनतम 8,000 रुपये देने होंगे। यूरोफ्लोमैट्री जांच 150 रुपये और यूरोडायनामिक्स जांच 3,000 रुपये में होगी।


शासन की मंशा के अनुरूप सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में केजीएमयू की जांच और उपचार दरें लागू की जा रही हैं। जल्द ही नई दरें बिलिंग सिस्टम पर अपलोड कर दी जाएंगी। – डॉ. सुधीर कुमार, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *