जागरण संवाददाता, मेरठ। औद्योगिक गलियारा का पहला उद्योग बनने की उपलब्धि अमेरिकी कंपनी बाॅल काॅरपोरेशन को मिली है।
बुधवार को भव्य समारोह के दौरान कंपनी की एशिया प्रेजीडेंट मैंडी ग्लू ने कहा कि भारत में कपनी का यह तीसरा उद्योग है। मेरठ में उद्योग स्थापित करके कंपनी पूरे उत्तर भारत को कवर करेगी। वर्ष 2029 के शुरूआत में ही प्लांट में उत्पादन शुरू हो जाएगा। कंपनी इस उद्योग में स्थानीय युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार देने का प्रयास करेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अरूण गोविल और राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने भी कंपनी अधिकारियों से अपील की कि प्लांट स्थापना में लगने वाले समय के दौरान कंपनी स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित करे और उसके बाद उन्हें कंपनी में रोजगार दे।
बिजौली स्थित औद्योगिक गलियारा (Industrial Corridor) के प्रथम चरण में बाल कारपोरेशन को 1.59 लाख मीटर क्षेत्रफल का भूखंड संख्या 17 आवंटित किया गया है। भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कंपनी की एशिया प्रेजीडेंट मैंडी ग्लू ने कंपनी के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेरठ में 2913 करोड़ से स्थापित प्लांट में देश भर के ग्राहकों के लिए एल्युमिनियम बेवरेज कैन बनाए जाएंगे।
भारत में यह बाल कंपनी का तीसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है। कंपनी भारत देश में वर्ष 2016 से काम कर रही है। दो अन्य प्लांट महाराष्ट्र के तलोजा और आंध्र प्रदेश के श्री सिटी में स्थापित हैं। पूरे विश्व में कंपनी के 65 प्लांट हैं जिनमें 16 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार दिया जा रहा है।
मेरठ के नए नए प्लांट में भी हजारों को रोजगार मिलेगा। इससे कंपनी उत्तर भारत के ग्राहकों के नजदीक आ जाएगी।कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में उद्योग के लिए संसाधन, सुविधाएं, सुरक्षा और परिस्थितियां अच्छी हैं। इसलिए उत्तर प्रदेश का चयन कंपनी ने किया। मेरठ उत्तर भारत का केंद्र बिंदु है। यहां से दूर दूर तक संपर्क और आपूर्ति के लिए कनेक्टिविटी उपलब्ध है। इसलिए मेरठ का चुनाव किया गया।
बाॅल कंपनी के एशिया के रीजनल कमर्शियल डायरेक्टर मनीष जोशी ने इस दौरान कहा कि भारत के बेवरेज (पेय पदार्थ) ब्रांड तेजी से नए प्रयोग कर रहे हैं। यहां कैन का चलन अभी शुरू ही हुआ है। अभी पैक्ड ड्रिंक्स में से केवल 3 फीसदी ही कैन में आते हैं। इसलिए भारत में बाॅल कारपोरेशन के लिए बड़ा बाजार उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें- UP Assistant Teacher Exam: प्रदेश के 48 जिलों के 795 केंद्रों पर होगी परीक्षा, मेरठ में 46 सेंटरों पर 22,104 अभ्यर्थी
अनुमान के मुताबिक वर्ष 2030 तक भारत में बेवरेज कैन की मांग लगभग दोगुनी हो जाएगी। साफ्ट ड्रिंक्स, जूस, एनर्जी ड्रिंक्स, बीयर, रेडी-टू-ड्रिंक काफी और फ्लेवर्ड मिल्क जैसी कई उत्पादों के लिए कैन की मांग है।मेरठ में प्लांट स्थापित होने से हजारों रोजगार के अवसर बनेंगे।ट्रांसपोर्ट, वेयरहाउसिंग, सप्लायर्स और सर्विस प्रोवाइडर्स की मांग को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अरुण गोविल ने कहा कि यह औद्योगिक गलियारा और इसका पहला उद्योग किठौर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के वरदान साबित होगा। क्षेत्र का विकास होगा तथा स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी प्लांट संचालन से लेकर रोजगार तक में क्षेत्रीय लोगों को प्राथमिकता दे।
यह भी पढ़ें- मेट्रो स्टेशन के नीचे ट्रैफिक का ‘मौत वाला यू-टर्न’, मेरठ में हादसे के बाद भी नहीं चेती पुलिस
राज्यमंत्री डा. सोमेंद्र तोमर ने भी विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि प्रदेश के औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी रहे। कार्यक्रम में कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, अश्विनी त्यागी, जिला पंचायत प्रशासक गौरव चौधरी भी शामिल रहे।
