कालपी। एमएसबी इंटर कॉलेज मैदान पर आयोजित द्वितीय स्वर्गीय गजाधर चतुर्वेदी मेमोरियल राज्य स्तरीय अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में क्रिकेट का रोमांच देखने को मिला।
प्रतियोगिता के लीग मुकाबलों में सीए लखनऊ ब्लू ने दो बड़ी जीत दर्ज करते हुए इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन को 164 रन और डीसीए जालौन ब्लू को 195 रन से पराजित किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने किया। उन्होंने कहा कि खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण अनुशासन, मेहनत और खेल भावना होती है। पहले मुकाबले में सीए लखनऊ (ब्लू) ने इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 22 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 315 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लखनऊ के बल्लेबाज अंकित पाल ने 52 गेंदों पर नाबाद 161 रन बनाए। उनकी पारी में सात चौके और 21 छक्के शामिल रहे। आश्विक सिंह यादव ने 20 गेंदों पर 48 और उत्कर्ष ने 22 गेंदों पर 35 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंश मिश्रा ने भी 25 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलाहाबाद की टीम लखनऊ के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और 19 ओवर में 151 रन पर सिमट गई। इलाहाबाद की ओर से हर्षित जी सहाय ने 41 और अरुष सिंह ने 27 रन बनाए। लखनऊ की ओर से अंश मिश्रा ने चार विकेट झटके, जबकि उत्कर्ष पाल ने दो विकेट हासिल किए। इस तरह लखनऊ ब्लू ने मुकाबला 164 रन से अपने नाम किया।
दूसरे लीग मुकाबले में सीए लखनऊ (ब्लू) ने डीसीए जालौन (ब्लू) के खिलाफ बल्लेबाजी में एक बार फिर अपनी ताकत दिखाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम ने निर्धारित 22 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 293 रन बनाए। लखनऊ की ओर से उत्कर्ष ने 37 गेंदों पर पांच चौके और आठ छक्कों की मदद से 78 रन की पारी खेली।
आश्विक सिंह यादव ने 26 गेंदों पर छह चौके और छह छक्के जड़ते हुए 63 रन बनाए। अनुकल्प सैनी ने 21 गेंदों पर 42 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि कप्तान यशवर्धन सिंह नेगी ने 36 रन का योगदान दिया।
294 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीए जालौन (ब्लू) की टीम 13.1 ओवर में 98 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जालौन की ओर से कप्तान अनुकल्प सैनी ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों पर चार चौके और चार छक्कों की मदद से 42 रन बनाए। प्रबलजीत यादव और युवराज सिंह चौहान ने 19-19 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
—
लखनऊ की जीत के नायक रहे अंश
लखनऊ की जीत के नायक रहे अंश मिश्रा ने पांच ओवर में मात्र 16 रन देकर पांच विकेट झटके। शानदार गेंदबाजी के दम पर लखनऊ ने यह मुकाबला 195 रन के बड़े अंतर से जीत लिया। दोनों मुकाबलों में प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को यूपीसीए के निदेशक श्याम बाबू ने प्लेयर ऑफ द मैच की ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। मुकाबलों में अंपायर की भूमिका सतीश कुमार पांडेय और विशाल वर्मा ने निभाई, जबकि स्कोरर ओमवीर सिंह रहे।

फोटो-23- खिलाड़ियों से परिचय लेते कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी। स्रोत-आयोजक
