जागरण संवाददाता, मेरठ। बेटे से बात कराने को लेकर पत्नी से हुए विवाद के बाद पिता चार माह के बच्चे को मां की गोद से छीनकर ले गया। सर्दी के मौसम में रात एक बजे बह बच्चे को बाइक पर बैठाकर अपनी दुकान पर ले गया और रातभर वहीं रखा। सुबह उसकी मौत हो गई। मां की शिकायत पर पुलिस ने पति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

टीपीनगर के शिवपुरम निवासी सचिन कुमार कपड़ों की सिलाई का काम करता है। जैन नगर में उसकी दुकान है। दो मार्च 2024 को उसकी शादी लोहियानगर के नरहेड़ा निवासी नेहा से हुई थी। चार माह पहले नेहा ने बेटे शिवान को जन्म दिया था। आरोप है कि सचिन शराब के नशे में घर आता था, जिससे दंपती में विवाद होता था। करीब 10 दिन पहले विवाद बढ़ने पर नेहा बेटे को लेकर मायके चली गई थी।

गुरुवार रात 10 बजे सचिन ने पत्नी को फोन कर बेटे से बात कराने को कहा, लेकिन नेहा ने मोबाइल बंद कर दिया। इससे नाराज सचिन दो साथियों रोहित और रोहित कुमार के साथ बाइक पर रात एक बजे ससुराल पहुंचा। आरोप है कि सचिन ने नेहा की पिटाई कर शिवान को छीन लिया और दोनों साथियों संग बच्चे को लेकर अपनी दुकान पर आ गया। नेहा रातभर सचिन के मोबाइल पर फोन करती रही, लेकिन उसने काल रिसीव नहीं की।

सुबह सात बजे बच्चे की मौत हो गई। सचिन बच्चे का शव लेकर अपने घर पहुंचा। आठ बजे परिवार वालों ने नेहा को बेटे की मौत की सूचना दी। नेहा अपने भाई अजय के साथ टीपीनगर थाने पहुंची और पति को बच्चे की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए तहरीर दी। पुलिस ने सचिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद नेहा ने बच्चे का शव लाकर अपने ससुर ऋषिपाल को सौंप दिया।

एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि रात करीब एक बजे चार माह के बच्चे को बाइक से ले जाया गया था। प्रारंभिक जांच में बच्चे की मौत ठंड से होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।



Source link

अभी अभी की खबरें