जागरण संवाददाता, मैनपुरी। भोगांव क्षेत्र के एक गांव में शनिवार शाम मंदिर से लौट रहीं दो नाबालिग चचेरी बहनों के साथ आरोपित ने छेड़छाड़ की। वहां से गुजर रहीं गांव की दो अन्य किशोरियों को जबरन झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया गया। विरोध करने पर एक का गला दबाकर दूसरी पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। शोर सुनकर आए ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर जमकर पीटा और पुलिस के सिपुर्द कर दिया।

हमले में घायल एक किशोरी को सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। देर रात पुलिस ने घटना की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

मंदिर से लौट रहीं दो बहनों सहित चार किशोरियों से शर्मनाक हरकत

भोगांव क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दो नाबालिग चचेरी बहनें शनिवार शाम गांव के बाहर स्थित मंदिर गई थीं। जहां से वह शाम चार बजे के करीब वापस घर लौट रही थीं। तभी रास्ते में नगला खरा निवासी अनूप मिला और दोनों बहनों को बहलाकर अपने साथ झाड़ियो में ले गया। उसने दोनों के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। शोर मचाने पर आरोपित वहां से भागकर पास ही खेत मे मूंगफली की रखवाली कर रही किशोरी और उसकी सहेली से छेड़छाड़ कर दुष्कर्म का प्रयास किया।

शोर सुनकर आए ग्रामीणों ने किशोरियों को बचाया, एक अस्पताल में भर्ती

विरोध करने पर उसने एक की गर्दन दबाकर दूसरी पर धारदार हथियार से जानलेवा वार कर दिया। चीख-पुकार सुन आसपास के ग्रामीणों ने दौड़कर आरोपित को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोरी को सीएचसी भोगांव भर्ती कराया और आरोपित को थाने लाया गया। देर रात एक किशोरी के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।



Source link