Jhansi News: बेटियों की बेहतर पढ़ाई-लिखाई और परवरिश के लिए चलाई जा रही यूपी सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना झांसी जिले में बेटियों के लिए काफी मददगार साबित हो रही है। योजना के लागू होने के बाद से अभी तक झांसी जिले में 47,639 बालिकाओं को योजना में शामिल करते हुए उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। जनपद में योजना के अंतर्गत लाभार्थी बालिकाओं को अभी तक 13.82 करोड़ रूपये की आर्थिक मदद प्रदान की जा चुकी है।

यूपी सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के सम्बन्ध में सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र लाभार्थियों का चिह्नांकन करने और उन्हें योजना का लाभ दिलाने का कार्य निरंतर अभियान के रूप में संचालित किया जाए। सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लाभार्थी बालिकाओं को योजना से लाभान्वित किया जाये। सरकार की कोशिशों से योजना के लाभार्थियों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है।

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में लाभार्थी बेटी को छह श्रेणियों में 25 हजार रूपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाती है। बालिका के जन्म पर 5000, एक साल तक के पूर्ण टीकाकरण पर 2000, कक्षा 1 में प्रवेश पर 3000, कक्षा 6 में प्रवेश पर 3000, कक्षा 9 में प्रवेश पर 5000 और 10वीं अथवा 12 वीं पास करके स्नातक या 2 वर्षीय या अधिक अवधि के डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लेने पर 7000 रूपये प्रदान किया जाता है। आवेदन करने वाली लाभार्थी बालिका उत्तर प्रदेश की निवासी हो उसके परिवार की आय तीन लाख रूपये से कम हो। एक परिवार की अधिकतम दो बालिकाओं को योजना का लाभ दिया जा सकता है। लाभार्थी के परिवार में अधिकतम दो बच्चे होने चाहिए। योजना के अंतर्गत छह श्रेणियों में से किसी भी स्तर पर पात्र लाभार्थी बालिका की ओर से आवेदन किया जा सकता है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल ने बताया कि जिले में अभी तक 47,639 लाभार्थी बालिकाओं को इस योजना से लाभान्वित किया गया है और 13.82 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद प्रदान की गई है। बालिकाओं के सशक्तिकरण, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार इस योजना को क्रियान्वित कर रही है। बालिका के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने तक 6 श्रेणियों में कुल 25,000 रूपये की धनराशि योजना के अंतर्गत प्रदान की जाती है।



Source link