ललितपुर। नाराहट थाना क्षेत्र में पानी से भरी मिट्टी की खदान में एक अज्ञात शव मिला है। शव के गले में तौलिया से करीब पांच-छह किलोग्राम का पत्थर बंधा हुआ था। पुलिस शव की पहचान के लिए गहनता से जांच कर रही है।
शनिवार शाम को ग्राम गौना के लोगों ने हाईवे-44 से कुछ दूर करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का सड़ा-गला शव देखा। नाराहट पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर पहचान का प्रयास किया गया, लेकिन किसी ने भी पहचानने से इन्कार कर दिया। गले में पत्थर बंधा होने से मौत की गुत्थी उलझ गई है। पुलिस ने समीपवर्ती मध्यप्रदेश के मालथौन और अटा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में शव की फोटो दिखाई। साथ ही क्षेत्र के होटल-ढाबों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। चौबीस घंटे बाद भी शव की पहचान नहीं हो पाई है।
सीओ पाली राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस शव की पहचान करने के लिए जुटी हुई है। उन्होंने अनुमान जताया कि मृतक की पहचान जल्द ही कर ली जाएगी। मृतक की मौत किन कारणों से हुई है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
