बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या और ब्रजेश पाठक की एक साथ रील को लेकर सियासी घमासान छिड़ा हुआ है। सोशल मीडिया पर दोनों की एक साथ रील जारी होने पर सपा अध्यक्ष ने जहां तंज कसा कि ‘दो स्टूल मिलकर’ कुर्सी नहीं बन सकते। वहीं, दोनों डिप्टी सीएम के अलावा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी सपा अध्यक्ष पर करारा पलटवार किया है। केशव ने एक्स हैंडल पर दोनों डिप्टी सीएम की जोड़ी के बारे में ‘एक हिट व फिट जोड़ी से अखिलेश का घबराना जायज है’ लिखकर करारा जवाब दिया है। जबकि पंकज चौधरी ने भी एक्स हैंडल पर ‘कमल से साइकिल है जलती, इस तरह रोने से किस्मत नहीं बदलती।’ लिखकर पलटवार किया है।
केशव ने शनिवार को एक्स पर सपा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए लिखा एक फिट और हिट जोड़ी से उनका घबराना निहायत ही जायज है। उन्होंने अखिलेश के लिए लिखा कि आपकी जानकारी के लिए यह अच्छा भी है, क्योंकि केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की जोड़ी आज जनता के भरोसे की पहचान बन चुकी है। उन्होंने लिखा कि मैं महान चक्रवर्ती सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के वंश का प्रतिनिधि हूं और उनके आदर्शों से प्रेरित होकर अखंड भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हूं। इसके साथ ही करुणावतार भगवान गौतम बुद्ध की विरासत से भी जुड़ा हूं, जिन्होंने संसार को शांति, समता और न्याय का मार्ग दिखाया। योजनाबद्ध तरीके से आपके संरक्षण में शाक्य समाज सहित कुशवाहा, मौर्य, सैनी और अन्य वंचित व कमजोर वर्गों पर किए गए अत्याचारों को देश-प्रदेश न भूला है और न ही भूलेगा। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि ‘लाल टोपी साइकिल निशान, धक्का-मुक्की जिनकी पहचान। नहीं मिलेगा उनको कोई स्थान, 2027 में करेंगे सैफई प्रस्थान।’
