{“_id”:”6af71b588f66fde82c0e8a41″,”slug”:”up-rld-to-contest-mayoral-and-councillor-elections-seeks-to-reach-urban-voters-2026-11-13″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”यूपी: अब मेयर से लेकर पार्षद तक के चुनाव में उतरेगी रालोद, पार्टी को शहरी वोटरों के बीच ले जाने की कोशिश”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

अपनी पार्टी की इमेज बदलेंगे जयंत चौधरी।
– फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) अब अपनी सियासी पहचान को गांवों और किसानों तक सीमित नहीं रखना चाहती। पार्टी ने गांव की पार्टी का ठप्पा हटाकर शहरों में भी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत प्रदेश के 17 महानगरों में संगठन का विस्तार करने और अध्यक्षों के प्रदर्शन का आकलन करने की रणनीति बनाई गई है। पार्टी अब मेयर से लेकर पार्षद तक के चुनाव लड़ने की तैयारी में है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस रणनीति को लेकर बैठकों का दौर जारी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शहरी संगठन की जिम्मेदारी कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्र को सौंपी है। मेरठ और नोएडा में महानगर अध्यक्ष नियुक्त किए जा चुके हैं। वहीं, बनारस, गोरखपुर और प्रयागराज में अभी अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं हुई है। इन शहरों में पदाधिकारियों से संभावित नाम मांगे गए हैं। स्थानीय स्तर पर बैठकें कर जल्द जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
पार्टी ने महानगर अध्यक्षों के लिए पद पर बने रहने के बजाय काम करके दिखाने की शर्त रखी है। उनके प्रदर्शन का आकलन संगठन विस्तार, जिलाध्यक्षों से समन्वय, महानगर और वार्ड स्तर पर कमेटियों के गठन व बूथ स्तर तक संगठन खड़ा करने के आधार पर होगा। अध्यक्षों को केवल पदाधिकारी नियुक्त नहीं करने, बल्कि चुनाव लड़ने में सक्षम सांगठनिक ढांचा तैयार करने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
शहरी निकाय चुनाव रालोद की रणनीति का अगला बड़ा लक्ष्य हैं। पार्टी की योजना है कि अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने वाले महानगर अध्यक्षों को हटाकर नए चेहरों को मौका दिया जाए। इस कवायद के जरिये रालोद अपनी परंपरागत ग्रामीण राजनीति के साथ शहरी मतदाताओं के बीच भी पैठ बनाने की कोशिश में है।

