Tourism Bandhu Meetings to Resume in Agra After Six Years, DM Assures Tourism Stakeholders

जिलाधिकारी मनीष बंसल
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आगरा के होटल, ट्रैवल और हस्तशिल्प समेत पर्यटन से जुड़े कारोबारियों को अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए अब अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जिलाधिकारी मनीष बंसल के आश्वासन के बाद 2020 से ठप पड़ी पर्यटन बंधु की बैठक एक बार फिर शुरू होने की उम्मीद जागी है।


दरअसल, पूर्व में इस मंच पर पर्यटन विभाग, पुलिस, नगर निगम और प्रशासन के अफसर पर्यटन उद्यमियों के साथ सीधे संवाद करते थे। इससे ताजमहल, सिकंदरा और फतेहपुर सीकरी आदि स्मारकों के आसपास यातायात, पार्किंग और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी अड़चनें मौके पर ही सुलझ जाती थीं। बैठक बंद होने से प्रशासन और पर्यटन जगत के बीच संवादहीनता बनी हुई थी। आगरा टूरिस्ट वेलफेयर चैंबर के अध्यक्ष प्रहलाद अग्रवाल के मुताबिक, चैंबर की बैठक में डीएम के आश्वासन के बाद अब पर्यटन बंधु की व्यवस्था फिर पटरी पर लौटने की उम्मीद है।

विभागों के बीच उलझी रहीं समस्याएं

पर्यटन उद्यमी राजीव तिवारी का कहना है कि एक तय मंच न होने से होटल, गाइड, ट्रैवल और हस्तशिल्प कारोबारियों की सुनवाई प्रभावी ढंग से नहीं हो पा रही थी। छोटे-छोटे स्थानीय मुद्दों और बुनियादी सुविधाओं के लिए भी उन्हें अलग-अलग दफ्तरों में भटकना पड़ रहा था।

उद्योग बंधु जैसी व्यवस्था की मांग

नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि कारोबारियों ने जिला उद्योग बंधु और वाणिज्य बंधु की तर्ज पर पर्यटन बंधु की बैठक भी नियमित अंतराल पर आयोजित करने की मांग रखी है। उनके अनुसार, बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य होनी चाहिए, ताकि पर्यटन विकास के सुझावों और लंबित शिकायतों पर ठोस कार्रवाई हो सके।

 



Source link

अभी अभी की खबरें