चकरनगर। ब्लॉक के गोहानी गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो गई है। गांव की गलियों में जगह-जगह कीचड़ और कूड़े के ढेर लगे हैं। नालियों की सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विरोध करते हुए सचिव पर सफाई के नाम पर फर्जी भुगतान कर सरकारी धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि प्रधान के खाते में सफाई के नाम से पोर्टल पर भुगतान होता है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो साल से उनके मोहल्ले में सफाई कर्मी दिखाई नहीं दिया है। गांव में सफाई के नाम पर केवल स्कूल के आसपास सफाई कराकर खानापूर्ति कर दी जाती है जबकि मोहल्ले की गलियों में गंदगी का अंबार लगा है। नालियां चोक होने से पानी रास्तों पर बह रहा है। कीचड़ भरी गलियों से होकर स्कूल जाने वाले बच्चों को निकलना पड़ता है। महिलाओं और बुजुर्गों को भी आवागमन में दिक्कत हो रही है।
गांव की मिथलेश कुमारी, मीना देवी, रेखा देवी, अंजू देवी, उर्मिला देवी आदि ने बताया कि कई बार सफाई न होने पर शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने डीएम से गांव की सफाई व्यवस्था की जांच कराने, सफाई के नाम पर हुए भुगतान का सत्यापन कराने और नियमित सफाई कराने की मांग की है।
गांव में सफाई कर्मचारी जाता है अगर किसी मोहल्ले में सफाई नहीं हुई तो कल ही सफाई कर्मचारी भेजकर सफाई कराई जाएगी। अगर प्रधान के खाते में सफाई का भुगतान हुआ है तो सचिव को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। प्रधान के खाते में भुगतान होना गलत है।
-श्यामवरन राजपूत, एडीओ पंचायत चकरनगर।

फोटो 12: कीचड के बीच खड़े होकर विरोध करती महिलाएं। संवाद
