आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा के पास शनिवार सुबह सड़क किनारे करीब 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची फतेहाबाद पुलिस और यूपीडा की टीम ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस हाथ पर लिखे नाम, कपड़ों और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से युवक की पहचान कराने में जुटी है।

शनिवार सुबह करीब सात बजे थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा से पांच मीटर दूर लखनऊ से आगरा वाली लाइन में सड़क किनारे युवक का शव पड़ा मिला। उसके सिर में चोट है और खून बह रहा था। एक पैर पर भी चोट के निशान मिले हैं। किशोर के हाथ पर मोलू गौतम लिखा हुआ था। वहीं कपड़ों पर टायर के निशान भी मिले हैं। इससे पुलिस को आशंका है कि किसी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई होगी।

सूचना पर यूपीडा के अधिकारी व प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को मोर्चरी भेज दिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे युवक का शव मिला है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पहचान के लिए दो पुलिस टीमों को लगाया गया है। युवक के हाथ पर लिखे नाम, कपड़ों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के सभी थानों में वाट्सऐप के माध्यम से भी सूचना प्रसारित कराई गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें