उत्तर प्रदेश के सरकारी और निजी आयुष कॉलेजों में दाखिले के लिए करीब 250 अतिरिक्त सीटें बढ़ गई हैं। इन सीटों को चौथे चरण की काउंसिलिंग या स्ट्रे राउंड के जरिये भरा जाएगा। इसके लिए आयुष विभाग ने केंद्रीय काउंसिलिंग परामर्शदाता समिति (एएसीसीसी) से सलाह मांगी है।
प्रदेश में आयुष की पांच हजार से अधिक सीटें हैं। इनमें सरकारी कॉलेजों की सभी सीटें पहले और दूसरे चरण की काउंसिलिंग में भर चुकी हैं। तीसरे चरण की काउंसिलिंग अंतिम दौर में है। इसके लिए 16 नवंबर तक पंजीयन हुआ है। अभिलेखों के सत्यापन के बाद 19 नवंबर को अंतिम सूची जारी होगी।
छात्रों को 20 से 23 नवंबर के बीच आवंटित कॉलेज में दाखिला लेना है। सूत्रों के मुताबिक, पांच निजी आयुर्वेद कॉलेजों को हाईकोर्ट से सीटें बढ़ाने की अनुमति मिली है। इनमें एक कॉलेज को सिर्फ एक सीट बढ़ाने के लिए राहत मिली है। इस तरह करीब 250 अतिरिक्त सीटें बढ़ी हैं।

