इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद साइबर अपराधी ने खुद को एनआरआई बताया और ब्रिटेन से भारत आकर महिला को सोने व हीरे के आभूषण देने का लालच दिया। फिर मुंबई और दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़े जाने की बात कहकर कई बार में 8.29 लाख रुपये ठग लिए। इस दौरान उसके साथी ने फोन कर खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए महिला को जेल भेजने की धमकी भी दी। पीड़िता के पति को जानकारी होने पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

सिकंदरा निवासी महिला ने बताया कि 1 नवंबर को इंस्टाग्राम पर संदेश आया। संदेश भेजने वाले ने अपना नाम अर्जुन कपूर बताया और कहा कि वह ब्रिटेन में रहता है। कुछ दिन बातचीत के बाद उसने कहा कि वह भारत आने वाला है। पीड़िता के माध्यम से उसने हर्बल लाइफ प्रोडक्ट खरीदने की बात कही। साथ ही महंगे उपहार देने का झांसा दिया।

15 नवंबर को आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल कर कहा कि उसे मुंबई एयरपोर्ट पर पुलिस ने पकड़ लिया है। छोड़ने के लिए 80 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं। पीड़िता ने दो बार में 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। एक घंटे बाद फिर कॉल कर कहा कि 20 हजार रुपये और चाहिए तो पीड़िता ने 15 हजार रुपये भेजे। शाम को फिर कॉल कर आरोपी ने बताया कि उसके पास 62 लाख पाउंड, हीरे की अंगूठी, सोना आदि है।

कस्टम वालों ने पकड़ लिया है छोड़ने के लिए 14 हजार रुपये मांग रहे हैं। पीड़िता ने फिर रुपये दे दिए। 16 नवंबर को व्हाट्सएप पर कॉल कर बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर सीबीआई ने पकड़ लिया। मुझे 3.20 लाख रुपये चाहिए। पीड़िता ने कई बार में आरटीजीएस के जरिये रुपये भेज दिए।

17 नवंबर को आरोपी ने एक वीडियो भेजा जिसमें कुछ लोग सामान चेक कर रहे थे। आरोपी ने छोड़ने के नाम पर चार लाख रुपये मांगने की बात कही। कुछ देर बाद एक अन्य व्यक्ति ने पीड़िता को कॉल कर खुद को सीबीआई अधिकारी बताया। रुपये न देने पर जेल भेजने की धमकी दी। डरकर चार लाख रुपये और दे दिए।

पति को शक हुआ तब टूटा भ्रम

कई बार में 8.29 लाख रुपये ठगने के बाद भी आरोपी ने पीछा नहीं छोड़ा। 17 नवंबर की शाम को फोन कर कहा कि पुलिस अब 10 लाख रुपये मांग रही है लेकिन मैंने 3.50 लाख रुपये पर राजी कर लिया है। ये रुपये 18 नवंबर तक दे दो। हालांकि, 17 नवंबर की रात ही पीड़िता के पति आ गए। पत्नी को परेशान देखकर उन्हें शक हुआ। पूछताछ करने के साथ ही मोबाइल लेकर चेक किया तो बैंक खाता खाली था। उनके समझाने पर पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की। साथ ही साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य सिंह ने बताया कि साइबर टीम प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। मोबाइल नंबर और ठगों के बैंक खातों की डिटेल खंगाली जा रही है। – , 

इन बातों का रखें ध्यान

सोशल मीडिया पर अनजान दोस्त न बनाएं।

किसी परिचित के कस्टम या एयरपोर्ट पर फंसने के नाम पर पैसे न भेजें।

पुलिस, सीबीआई आदि के नाम पर मिलने वाली धमकियों से न डरें। पुलिस कभी ऐसा नहीं करती।

आर्थिक लेनदेन और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी परिवार से साझा करें।

ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन और पुलिस को सूचित करें।



Source link

अभी अभी की खबरें