कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में राजभर ने अखिलेश यादव को सत्ता का लालची बताते हुए लिखा कि परिवार में शोक होने के बाद भी वह राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं। तंज कसते हुए कहा कि कम से कम तेरहवीं तक तो रुक जाते, उसके बाद राजनीति कर लेते।
दरअसल, 15 मई को अखिलेश ने योगी सरकार में हुए मंत्रिमंडल विस्तार और विभागों के बंटवारे को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी की थी। इसी पोस्ट को लेकर अब ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया है। राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा कि अभी हाल ही में अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन हुआ है और पूरा परिवार दुख में है। इसी वजह से उन्होंने भी कुछ समय तक अखिलेश की राजनीति पर बोलना बंद कर दिया था। उन्हें लगा था कि सपा प्रमुख परिवार के साथ दुख में होंगे, लेकिन वह शोक के बीच भी राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं।
..बेगाने मंत्रिमंडल में अखिलेश दीवाना
राजभर ने भोजपुरी में भी अखिलेश यादव पर कटाक्ष किया। उन्होंने लिखा…बेगाने मंत्रिमंडल में अखिलेश दीवाना और आगे कहा, लागत ह तू लाज सरम सब घोर के पी गयल हउवा। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव को अपने घर से ज्यादा दूसरों के घर की चिंता रहती है। उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर किए गए सवालों पर तंज कसते हुए कहा कि अभी विभागों का बंटवारा भी नहीं हुआ है, फिर इतनी बेचैनी क्यों है। राजभर ने कहा कि अगर मंत्री बनने की इतनी ही इच्छा है तो अखिलेश यादव सुभासपा ज्वाइन कर लें। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लड़कर भी उन्हें किसी विभाग का मंत्री बनवा देंगे।
