यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की दरोगा और होमगार्ड भर्ती परीक्षा में पेपर उपलब्ध कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गिरोह का एसटीएफ ने राजफाश किया है। दो आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया है। ट्रांजिट रिमांड पर दोनों को लखनऊ लाया गया। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों कि तलाश जारी है।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमन कुमार मुजफ्फरपुर (बिहार) का निवासी है। उसे आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। एसटीएफ के मुताबिक प्रदेश के विभिन्न जिलों में 14 और 15 मार्च 2026 को यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा आयोजित हुई थी। परीक्षा से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर “UPSI EXAM PAPER” नाम से चैनल संचालित कर अभ्यर्थियों को परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का झांसा दिया जा रहा था। इसी मामले में 13 मार्च 2026 को लखनऊ के हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसटीएफ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीमों को लगाया था। एसटीएफ सुधांशु शेखर की टीम ने आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी सूर्यांश के साथ मिलकर सतीश के तहत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के नाम पर अभ्यर्थियों को ठगता था। आरोपी टेलीग्राम चैनलों के माध्यम से पेपर लीक और प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा करते थे। इसके बदले छात्रों से मोटी रकम वसूली जाती थी। जांच में यह भी सामने आया कि ठगी से प्राप्त धनराशि आरोपी अमन कुमार के बैंक खाते में जमा कराई जाती थी।
वहीं पिछले महीने हुई होमगार्ड भर्ती परीक्षा में भी टेलीग्राम चैनल के जरिये प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का झाँसा देकर ठगी को अंजाम दिया जा रहा था। इसमें भी केस दर्ज किया गया था। जांच के बाद मामले में बिहार के मुजफ्फरपुर से निखिल ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। वह अपने साथी सिद्धार्थ मिश्रा के साथ मिलकर ठगी कर रहा था।
एसटीएफ के अनुसार गिरोह केवल यूपी एसआई भर्ती परीक्षा ही नहीं, बल्कि अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के नाम पर भी अभ्यर्थियों को निशाना बना चुका है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
