यूपी में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ने बहराइच, उन्नाव, रायबरेली समेत विभिन्न जिलों में तैनात नौ अधिशासी अभियंताओं के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। सभी को प्रतिस्थानी की प्रतीक्षा किए बिना कार्यमुक्त करने का निर्देश दिया गया है।
अयोध्या में बिलिंग, कलेक्शन और रेड की जिम्मेदारी संभाल रहे अधिशासी अभियंता यादवेंद्र कुमार यादव को मध्यांचल मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। मुख्यालय से सतीश चंद्र को अयोध्या धाम भेजा गया है।
कैसरगंज-बहराइच विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता रविकांत को मुख्यालय से संबद्ध किया गया है, जबकि हिमांशु गौतम को पीडीनगर-उन्नाव से कैसरगंज भेजा गया है। मुख्यालय से संबद्ध वैभव आनंद को पीडीनगर, उन्नाव की जिम्मेदारी दी गई है।
कमर्शियल सर्विसेज-दो, बरेली क्षेत्र प्रथम के अधिशासी अभियंता कृष्णानंद को मुख्य अभियंता वितरण, बरेली से संबद्ध किया गया है। मीटर, अमौसी क्षेत्र के एक्सईएन प्रदीप कुमार सिन्हा को कमर्शियल सर्विसेज-दो, बरेली क्षेत्र प्रथम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुख्यालय से संबद्ध प्रीति यादव को अधिशासी अभियंता मीटर, अमौसी बनाया गया है। वहीं, विवेक कुमार सिंह को मुख्यालय से रायबरेली क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता कार्यालय से संबद्ध किया गया है।

