यूपी के श्रावस्ती में भूमि विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस मौके पर विवाद कर रही पांच महिलाओं और एक युवक को लेकर थाने आ रही थी। इसी दौरान पुलिस वाहन से गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मामले में डीएम ने राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को निलंबित करते हुए जांच टीम गठित की है।
घटना इकौना तहसील के गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसवारा की है। यहां पर दो पक्षों में भूमि विवाद था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। इसके बाद पांच महिलाओं और एक युवक को लेकर थाने जा रही थी। रास्ते में एक युवक की गाड़ी से गिर गया। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टर से उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, युवक चलती गाड़ी से कूद गया था।
पुलिस और राजस्व टीम गांव गई थी
सूचना मिली तो डीएम अन्नपूर्णा गर्ग, एसपी राहुल भाटी और एएसपी चंद्रकेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि सिसवारा गांव में दो पक्षों के बीच भूमि विवाद था। इसकी शिकायत समाधान दिवस में एसडीएम से भी की गई थी। विवाद को लेकर मंगलवार की रात नायब तहसीलदार आयुष, गिलौला थाना प्रभारी आशीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व टीम गांव गई थी।
इस दौरान विवाद कर रही पांच महिलाओं और एक युवक मदारपुरवा निवासी कमलेश को पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्हें लेकर पुलिस थाने जा रही थी। रास्ते में कमलेश चलती गाड़ी से कूद गया। नीचे गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
राजस्व निरीक्षक व लेखपाल निलंबित
घटना में प्रथम दृष्टया लेखपाल व राजस्व निरीक्षक की घोर लापरवाही परिलक्षित हुई है। इसके बाद राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही विभागीय कार्यवाही संस्थित की गई है।
