{“_id”:”6af714774d0c59fa2d0522ac”,”slug”:”up-voter-lists-don-t-contain-details-of-a-voter-s-caste-and-religion-this-is-how-the-data-is-extracted-2026-11-13″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”यूपी: मतदाता सूची में नहीं होता वोटर की जाति और धर्म का ब्योरा, इस तरकीब से निकाले जाते हैं आंकड़े”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

वोटर लिस्ट से नहीं मिलते जाति के ब्योरे।
– फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
निर्वाचन आयोग मतदाता सूची में किसी मतदाता की जाति या धर्म के आधार पर आंकड़े जारी नहीं करता। आयोग के पास भी जाति और धर्मवार मतदाताओं की संख्या का अलग से कोई ब्योरा उपलब्ध नहीं होता। इसके बावजूद राजनीतिक दल और चुनावी रणनीतिकार बूथवार मतदाता सूची का विश्लेषण कर विधानसभा क्षेत्रों के जातीय और धार्मिक समीकरण तैयार करते हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदाता सूची मतदान केंद्र और बूथ के आधार पर तैयार की जाती है। इसे आयोग और संबंधित राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर देखा जा सकता है। ई-रोल पीडीएफ भी उपलब्ध कराए जाते हैं।
नाम और स्थानीय जानकारी से होता है वर्गीकरण
मतदाता सूची में नाम, क्रम संख्या, संबंधित भाग और बूथ समेत अन्य चुनावी विवरण दर्ज होते हैं, लेकिन जाति और धर्म का कोई कॉलम नहीं होता। ऐसे में राजनीतिक दल सूची में दर्ज नामों का स्थानीय स्तर पर उपलब्ध जानकारी से मिलान करते हैं। इसके आधार पर किसी गांव, मोहल्ले या क्षेत्र में विभिन्न जातियों और धर्मों के मतदाताओं की संभावित संख्या का अनुमान लगाया जाता है। सभी बूथों के आंकड़ों को जोड़कर विधानसभा क्षेत्र का जातीय और धार्मिक समीकरण तैयार किया जाता है।
अलग-अलग विश्लेषण से बदल सकते हैं आंकड़े
इस प्रक्रिया से तैयार जाति और धर्मवार आंकड़े निर्वाचन आयोग के प्रमाणित या आधिकारिक आंकड़े नहीं होते। ये राजनीतिक दलों, चुनावी विश्लेषकों और डाटा विश्लेषण करने वाली कंपनियों के अनुमान होते हैं। एक ही मतदाता सूची का अलग-अलग तरीके से वर्गीकरण किए जाने के कारण इन आंकड़ों में अंतर भी संभव है। मतदाता सूची सार्वजनिक दस्तावेज है, लेकिन उसके आधार पर तैयार जातीय और धार्मिक ब्योरे की आधिकारिक पुष्टि आयोग नहीं करता।

