त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे प्रशासन 10 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। पटना, चंडीगढ़, वाराणसी, दिल्ली, फिरोजपुर रूट की ये ट्रेनें लखनऊ होकर गुजरेंगी। नवंबर तक इनका संचालन होगा। उत्तर रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि ट्रेन 04209 वाराणसी-दिल्ली स्पेशल 27 नवंबर तक हर शुक्रवार, सोमवार व बुधवार को वाराणसी से रात 10:15 बजे चलकर सुबह 3:30 बजे लखनऊ और दोपहर 1:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
वापसी में 04210 दिल्ली-वाराणसी स्पेशल 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार को दिल्ली से शाम 6:50 बजे चलकर सुबह 3:50 बजे लखनऊ और सुबह 9:50 बजे वाराणसी पहुंचेगी। ट्रेन मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, हरदोई, रामपुर, मुरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद स्टेशन पर रुकेगी।
ट्रेन 04213 अयोध्या-कैंट आनंदविहार स्पेशल 29 नवंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार और रविवार को अयोध्या कैंट से शाम 6:20 बजे चलकर रात 8:45 बजे लखनऊ और सुबह 6:10 बजे आनंदविहार पहुंचेगी। वापसी में 04214 आनंदविहार टर्मिनस-अयोध्या कैंट स्पेशल 30 नवंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार व रविवार को आनंदविहार से सुबह नौ बजे चलकर शाम 6:20 बजे लखनऊ और रात दस बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। ट्रेन बाराबंकी, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़ और गाजियाबाद स्टेशनों पर रुकेगी।
