खतरनाक चीनी मांझे की चपेट में आने से ठाकुरगंज के सरफराजगंज निवासी प्रॉपर्टी डीलर अजमी हुसैन का गला बुरी तरह जख्मी हो गया। उन्हें इलाज के दौरान गले में 10 टांके लगाए गए। हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे काकोरी नगर पंचायत के बाहर नौवस्ता रेलवे ओवरब्रिज के पास हुआ। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
अजमी हुसैन के बेटे रहीम जैदी के मुताबिक, 41 वर्षीय उनके पिता सुबह काकोरी स्थित बकरी फार्म हाउस से बाइक से घर लौट रहे थे। नौवस्ता रेलवे ओवरब्रिज के पास अचानक चीनी मांझा उनके गले में फंस गया। जब तक वह बाइक रोक पाते, मांझे से उनका गला काफी कट चुका था और वह लहूलुहान हो गए।
उन्होंने किसी तरह बाइक सड़क किनारे खड़ी की। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया और घटना की जानकारी परिजनों को दी। रहीम जैदी ने प्रशासन और सरकार से चीनी मांझे की आपूर्ति करने वालों और इसकी बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
