कदौरा। थाना क्षेत्र के हांसा गांव में नवविवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। उसकी शादी चार महीनें पहले हुई थी। मायके पक्ष के लोगों ने हत्या कर शव को फंदे पर लटका देने का आरोप लगाया है।

थाना क्षेत्र के हांसा गांव निवासी सूर्य कुमार उर्फ शीलू की पत्नी ज्योति (24) का शव बृहस्पतिवार की सुबह कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मरगांया गांव निवासी विजेता देवी ने बताया कि उसने बेटी ज्योति की शादी 20 अप्रैल को हांसा निवासी सूर्यकुमार उर्फ शीलू के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति सूर्यकुमार, ससुर हरकिशन, सास सरोज देवी और ननद सुनीता दहेज की मांग को लेकर ज्योति को प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि मोटरसाइकिल, फ्रिज, कूलर, सोने की चेन, भैंस और नकदी की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।

विजेता देवी ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी बेटी की हत्या कर दी। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। उन्होंने दावा किया कि ज्योति के गले पर फंदे का स्पष्ट निशान नहीं था। उसके मुंह और नाक से खून निकल रहा था तथा पीठ और मुंह पर चोट के निशान थे।

परिजन के अनुसार रात करीब दो बजे ससुरालीजन ज्योति को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी जालौन अजय कुमार सिंह और थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

नायब तहसीलदार चंद्रमोहन शुक्ल के नेतृत्व में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता कल्लू वर्मा की करीब एक माह पहले मौत होने की बात भी सामने आई है।थाना प्रभारी कदौरा परमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मायके पक्ष की ओर से शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *