कांग्रेस के अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद भाजपा द्वारा मंच शुद्धिकरण करने की घटना पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा देशभर में दलितों का अपमान कर रही है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा का दलित विरोधी चेहरा बेनकाब हो चुका है। दलितों के अपमान का बदला हर हाल में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब शुद्धिकरण की आवश्यकता भाजपा और आरएसएस की जातिवादी राजनीति की है। मंच के शुद्धिकरण की यह घटना केवल खरगे का अपमान नहीं है बल्कि यह देश के हर दलित पर प्रहार है। यह संविधान पर प्रहार है।

पुलिस भर्ती मामले में सीएम को लिखा पत्र

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पुलिस भर्ती मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उन्होंने एक से अधिक पदों पर चयन के कारण रिक्त होने वाले पदों को अगले पात्र अभ्यर्थियों से तत्काल भरने की मांग की है। पत्र में लिखा है कि अभ्यर्थियों ने पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के 16 जनवरी 2023 के आदेश की प्रति भी उपलब्ध कराई है, जिसमें एक से अधिक पदों पर चयनित 124 अभ्यर्थियों को निम्नतर वेतनमान वाले पदों से हटाकर चयन परिणाम संशोधित किया गया था। ऐसे में वर्तमान प्रकरण में भी उसी सिद्धांत को लागू करते हुए उच्चतर पद स्वीकार करने वाले अभ्यर्थियों को निम्नतर पद की सूची से हटाकर रिक्त हुए पदों पर पात्र प्रतीक्षा/आरक्षित अभ्यर्थियों को तत्काल अवसर दिया जाना चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *