उत्तर प्रदेश की सत्ता में तीसरी बार वापसी के लक्ष्य के साथ भाजपा मथुरा के चिंतन शिविर में तैयार होने वाले रोडमैप के आधार पर सियासी चौसर बिछाएगी। पार्टी मिशन-2027 को फतेह करने के लिए विपक्ष की घेराबंदी, कमजोर सीटों पर जीत की रणनीति और बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता बढ़ाने का अभियान चलाएगी। शिविर में बड़ी जीत सुनिश्चित करने के लिए इस बार मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन की समीक्षा व प्रत्याशी चयन के फॉर्मूले पर भी काम तेज होगा।

मथुरा में हो रहा दो दिवसीय मंथन भाजपा के लिए चुनावी तैयारी की दिशा और अगले अभियान का आधार तय करेगा। शिविर के बाद भाजपा के दिग्गज नेता और संगठन के पदाधिकारी इस रणनीति को जमीन पर उतारने के लिए प्रदेशव्यापी दौरा शुरू कर विपक्ष की घेराबंदी का अभियान भी तेज करेंगे। साथ ही कमजोर सीटों पर जीत की रणनीति, बूथों की मजबूती और प्रत्याशी चयन के मानकों को कसने की तैयारी है।

पहले दिन की बैठक में हुई मुद्देवार चर्चा के संकेत साफ है कि भाजपा का जोर सिर्फ चुनावी रणनीति बनाने पर नहीं, बल्कि हर मोर्चे पर उसे जमीन पर उतारने पर होगा। शिविर में पार्टी नेतृत्व उन सीटों का भी हिसाब-किताब करेगा, जहां पिछले चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था या जहां मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां चुनौती पेश कर रही हैं। इन सीटों पर जातीय समीकरण, स्थानीय नाराजगी, संगठन की सक्रियता और संभावित प्रत्याशियों की स्थिति का आकलन किया जाएगा।

विधायकों के कामकाज से तय होगी टिकट की राह

प्रत्याशी चयन का फॉर्मूला भी चिंतन शिविर के एजेंडे में अहम रहा। तय हुआ है कि मौजूदा विधायकों के कामकाज, जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता, क्षेत्र में सक्रियता, जातीय समीकरण और जीतने की क्षमता को कसौटी बनाया जाएगा। ऐसे में कई विधायकों के जहां टिकट कटने की संभावना बनी रहेगी, वहीं कुछ विधायकों की सीटें भी बदल सकती है। हालांकि इस पर स्थिति बाद में साफ होगी।

बूथ से विपक्ष तक एक साथ मोर्चाबंदी

शिविर के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता और संगठन पदाधिकारी क्षेत्रवार प्रवास कर तैयारियों की निगरानी करेंगे। बूथ प्रबंधन, घर-घर संपर्क, लाभार्थियों तक पहुंच और सरकार की उपलब्धियों के प्रचार को चुनावी अभियान से जोड़ा जाएगा। वहीं, विपक्ष के मुद्दों और आरोपों का जवाब देने के लिए भी आक्रामक रणनीति बनाई जाएगी। पार्टी का लक्ष्य चुनाव की घोषणा से पहले संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में लाना है।



Source link