उरई। पुलिस चौकी क्षेत्र में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर दो बकरियां चोरी कर लीं। चोर तीसरी बकरी को भी ले जाने की फिराक में थे, लेकिन घर में सो रही महिला की नींद खुलने और शोर मचाने पर भाग निकले। वारदात पुलिस की बैरिकेडिंग से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई।


पिरौना निवासी अवध बिहारी रूसिया का घर हाईवे की सर्विस रोड के पास स्थित है। रविवार रात चोर बाउंड्रीवाल फांदकर घर के अंदर घुस आए और दो बकरियां खोलकर ले जाने लगे। इसी दौरान घर में सो रही महिला को आहट हुई तो उसकी नींद खुल गई। महिला ने शोर मचाया तो चोरों में भगदड़ मच गई। वे दो बकरियां लेकर अंधेरे में भाग गए। घटना के समय अवध बिहारी खेत पर पानी लगाने गए हुए थे।

पीड़ित ने बताया कि इससे पहले भी उनके घर में बड़ी चोरी हो चुकी है। चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए थे। बार-बार हो रही घटनाओं से परिवार सहमा हुआ है। थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। (संवाद)



Source link