खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना रही ताजनगरी में रविवार से तीन दिवसीय यूपी फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव-2026 का आगाज होगा। इसमें सात राज्यों की 150 कंपनियां, खाद्य कारोबारियों समेत 15 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल और प्रदेश सरकार के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी उद्घाटन करेंगे। तीन दिन तक अलग-अलग सत्रों में खाद्य कारोबार से जुड़ी तकनीकों पर मंथन होगा। नवाचार और मशीनों की प्रदर्शनी लगेगी।
चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन (सीएफपीआईए) का यह फूड एक्सपो फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी पैलेस में 14 से 16 जून तक चलेगा। उद्घाटन से पहले शनिवार को होटल में ही एक्सपो की स्मारिका का भव्य विमोचन हुआ। इसके साथ ही ”स्वस्थ जीवनशैली का आधार : भोजन से आरोग्य की ओर” विषय पर एक विशेष सत्र आयोजित हुआ, जिसमें स्वास्थ्य और उद्योग विकास पर गहन मंथन किया गया।
मोबाइल देखते हुए भोजन करने से घट रही पाचन शक्ति
शनिवार को पहले सत्र में हेल्थ एंड वेलनेस कोच रुचिरा ढल ने आधुनिक जीवनशैली के खतरों के प्रति सचेत किया। उन्होंने बताया कि एक सर्वे में 57 फीसदी लोगों में विटामिन-डी की कमी पाई गई है। मोबाइल या टीवी देखते हुए भोजन करने की आदत शरीर की पाचन शक्ति को कमजोर कर रही है। भोजन हमेशा शांत और सकारात्मक माहौल में करना चाहिए। उन्होंने छह से आठ घंटे की गुणवत्तापूर्ण नींद, प्रतिदिन ढाई लीटर पानी और नियमित प्राणायाम को स्वस्थ जीवन की पूंजी बताया।