चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों और विधान परिषद की 11 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। राज्यसभा और विधान परिषद की इन सीटों का कार्यकाल क्रमश: 16 अक्तूबर और 23 अक्तूबर को समाप्त हो रहा है। इसलिए आयोग इन तिथियों से पहले ही चुनाव प्रक्रिया पूरा कराएगा। विधान परिषद की खंड व शिक्षक स्नातक सीटों पर चुनाव के चलते कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव के अलावा प्रदेश के सभी जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।


मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्यों के लिए द्विवार्षिक निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, राज्यसभा सीटों पर निर्वाचन के लिए 29 सितंबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। 6 अक्तूबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि होगी। 7 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 9 अक्तूबर तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकेंगे।

16 अक्तूबर को मतदान होगा। मतदान का समय प्रातः 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतगणना उसी दिन शाम 5:00 बजे से प्रारंभ होगी। इस चुनाव में विधानसभा के सदस्य मतदाता होंगे। निर्वाचन प्रक्रिया को 19 अक्तूबर तक पूरा कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *