जसवंतनगर थाना क्षेत्र के नगला भगत गांव में सोमवार शाम घर के वॉशरूम में सांप के डसने से युवक की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों उसका उपचार शुरू किया। परिजनों का दावा है कि पिछले करीब 20 दिनों में युवक को छह बार सांप डस चुका है। बार-बार सांप के डसने से परिजन समेत डॉक्टर हैरान है।
नगला भगत निवासी अर्जस यादव का अंकुश यादव (21) सोमवार शाम करीब छह बजे घर के वॉशरूम में गया था। इसी दौरान वहां मौजूद सांप ने उसे डस लिया। सांप के डसने की जानकारी होने पर परिजन तत्काल अंकुश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उपचार शुरू किया। अंकुश के परिजनों के अनुसार, पिछले 20 दिनों में यह छठी घटना है, जब सांप ने उसे डसा है। परिजनों का कहना है कि हर बार सांप के काटने के बाद अंकुश को जिला अस्पताल लाया गया। पिछली दो घटनाओं में उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे दूसरे सैफई रेफर किया था।
