CM Yogi said Ayodhya forced to bear acidic sting of appeasement before 2017 now new identity of development

सीएम योगी आदित्यनाथ
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास को लेकर पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा है। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अयोध्या की प्राचीन और वर्तमान तस्वीर साझा की। कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रभु श्रीराम की नगरी उपेक्षा, अव्यवस्था और तुष्टीकरण का तेजाबी दंश सहने को विवश थी। आज यही अयोध्या अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास का नया अध्याय लिख रही है।


सीएम ने लिखा कि अयोध्या सभ्यता की जन्मभूमि, संस्कृति की प्राणधारा और आस्था की शाश्वत ज्योति है। पहले यहां श्रद्धालुओं की यात्रा कठिन थी, नगर की व्यवस्थाएं जर्जर थीं और स्थानीय परिवारों के लिए संभावनाएं सीमित थीं।

राम मंदिर से एयरपोर्ट तक बदली अयोध्या की तस्वीर

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या की प्राचीन गरिमा को आधुनिक विकास का नया विस्तार मिला है। भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, रामपथ, धर्मपथ, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और आधुनिक रेलवे स्टेशन जैसे निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधाओं और रामनगरी के गौरव को बढ़ा रहे हैं।

सीएम ने कहा कि विकास का लाभ अब अयोध्यावासियों के घर-आंगन तक पहुंच रहा है। बढ़ता पर्यटन स्थानीय व्यापार को मजबूती दे रहा है। नए अवसर युवाओं को रोजगार से जोड़ रहे हैं और स्थानीय परिवार समृद्धि की नई उम्मीदें संजो रहे हैं।

विरासत और विकास का नया केंद्र बनी अयोध्या

सीएम ने आगे कहा कि कभी विकास की प्रतीक्षा करने वाली अयोध्या आज अपनी विरासत के साथ प्रगति का नया अध्याय लिख रही है। असंख्य सनातनियों की आस्था, अस्मिता और आराधना का केंद्र अयोध्या अब ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।



उन्होंने अयोध्या को सांस्कृतिक चेतना और समृद्धि का उज्ज्वल प्रतीक बताते हुए कहा कि नगरी की प्राचीन पहचान को आधुनिक विकास के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।



Source link

अभी अभी की खबरें