रामपुरा (जालौन)। रामपुरा थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार-शनिवार की रात निनावली रोड स्थित जंगल में हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए, जबकि एक अन्य आरोपी को पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध युवक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे। एक आरोपी खेतों की ओर भागा, जिसे पुलिस ने दबोच लिया, जबकि दो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।
घायलों की पहचान बृजेंद्र राजपूत निवासी हमीरपुर तथा विवेक राजपूत उर्फ इक्का निवासी हमीरपुर के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपी सोनू यादव निवासी महोबा है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी के औजार, तीन मोबाइल फोन, एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, ₹12 हजार नकद, सोने का सूई-धागा तथा चांदी की दो जोड़ी पायल बरामद की हैं।
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी एवं क्षेत्राधिकारी अंबुज यादव ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और हाल की चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *