लखनऊ जिले के तकरोही के महावीरपुरम इलाके में बृहस्पतिवार रात 8:15 से 3:30 बजे तक बिजली गुल होने के विरोध में अमराई गांव उपकेंद्र पर खूब बवाल हुआ। पसीने से लपथप लोगों की नाराजगी को देखकर उपकेंद्र के जो कर्मचारी बाहर थे वह भाग गए और अंदर वालों ने गेट में तालाबंदी करके बैठ गए। जब गुल बिजली चालू हुई, तब प्रदर्शनकारी वापस गए।

महावीरपुरम निवासी फतेह मोहम्म्द, आफताब, सुधीर वर्मा, चंदशेखर, नसीम, रईस, मुलायम सिंह, अंजली शर्मा आदि के घरों की रात को अचानक बत्ती गुल हो गई। थोड़ी देर बाद बिजली तो वापस लौटी, मगर वोल्टेज इतना कम था, कि उससे पंखे तक नहीं चल रहे थे। लोगों ने उपकेंद्र से लेकर अधिशासी अभियंता तक का कॉल कर समस्या बताई, जिसका निराकरण नहीं हुआ। भीषण गर्मी से परेशान होकर लोग रात करीब एक बजे अमराई गांव उपकेंद्र की तरफ चल पड़े। इसकी खबर उपकेंद्र पर पहले ही पहुंच गई, जिससे तालाबंदी कर ली। लोगों ने उपकेंद्र के गेट पर खूब हंगामा और प्रदर्शन किया, फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारी रात 3 बजे तक डटे रहे। जब उपकेंद्र के अंदर से बंद बिजली को चालू करने की सूचना दी गई, तब हंगामा खत्म हुआ। दरअसल, महावीरपुरम में एबीसी लाइन जलने के कारण आधे इलाके में रात 8:15 बजे अंधेरा हो गया था।

आदर्श विहार में 10 घंटे बिजली ठप, हंगामा

एफसीआई उपकेंद्र के तहत आदर्श विहार सहित आसपास के मोहल्ले में 10 घंटे तक बिजली ठप रही। इसके विरोध में लोगों ने उपकेंद्र पर हंगामा किया, और आरोप लगाया कि एक सर्किट सही था, फिर भी 10 घंटे बाद बिजली को चालू किया गया। लोगों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात्रि 10:30 बजे पूरे आदर्श विहार, नरौना, भूहर की बत्ती गुल हो गई। रात 12 बजे एसडीओ ने बताया कि लाइन फॉल्ट आ गया और फिर मोबाइल बंद कर लिया। गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग आदि बिना बिजली के पूरी रात परेशान रहे। गुल बिजली शुक्रवार 8 बजे चालू हो सकी। उधर, मुख्य अभियंता राम कुमार ने बताया कि सिंगल केबल में फॉल्ट के कारण ही उपभोक्ताओं की बिजली में बाधा आई।

आलमबाग में एलटी लाइन में फॉल्ट

चंदरनगर उपकेंद्र के तहत आलमबाग नटखेडा रोड कुटिया गली में शुक्रवार सुबह 8 बजे फाॅल्ट के कारण बिजली ठप हो गई। एसडीओ भूषण कुमार ने बताया कि काफी पुरानी जर्जर केबल होने के कारण आए दिन व्यवधान आ रहा है। इस फॉल्ट को सही कराने के साथ ही एलटी केबल को भी बदलकर शाम 5 बजे बिजली चालू की गई। उधर, मनीष अरोड़ा समेत स्थानीय लोगों का कहना कि इससे पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

जवाहर भवन-इंदिरा भवन की बत्ती गुल

जवाहर भवन के बिजली सिस्टम में तकनीकी खामी के कारण शुक्रवार शाम पांच बजे अचानक बत्ती गुल हो गई। इससे जवाहर भवन-इंदिरा भवन बिजली आपूर्ति पर असर पड़ा। इंदिरा भवन की बिजली जनरेटर से कुछ समय बाद चालू हो गई ,मगर जवाहर भवन में देर तक संकट बना रहा। अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र कुमार सक्सेना ने बताया कि लोक निर्माण की देखरेख में रहने वाले सिस्टम में खामी के कारण बिजली आपूर्ति में व्यवधान आया। जवाहर भवन उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति में कोई दिक्कत नहीं थी। उधर, व्यापारी नेता सुशील कुमार बच्चा ने बताया कि बिजली बंद होने से अचानक लिफ्ट बंद होने से अफरा-तफरी मच गई। मगर, जनरेटर के चलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *