लखीमपुर खीरी: जिले के ग्रामीण इलाकों में युवा अब रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर रुख करने के बजाय गांव में ही आत्मनिर्भरता की नई राह तलाश रहे हैं. खेती-किसानी से जुड़े कामों में आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल कर युवा अच्छी आमदनी कर रहे हैं. ऐसा ही एक उदाहरण जिले के इब्राहिमपुर गांव के रहने वाले युवा मुन्ना हैं, जिन्होंने कमर्शियल राइस मिल मशीन को अपनी कमाई का जरिया बना लिया है. वह पिछले करीब चार वर्षों से ट्रैक्टर से चलने वाली राइस मिल के माध्यम से गांव-गांव जाकर किसानों के धान की कुटाई कर रहे हैं.

खास बात यह है कि मुन्ना किसानों से धान की कुटाई का कोई पैसा नहीं लेते हैं. इसके बावजूद वह प्रतिदिन 2000 रुपये से अधिक की आमदनी कर लेते हैं. उनकी यह कमाई धान की कुटाई के दौरान निकलने वाली भूसी और पॉलिश से होती है. इस तरह किसानों को बिना किसी शुल्क के चावल मिल जाता है, जबकि मुन्ना को इसी काम से रोजगार और मुनाफा मिल रहा है.

करीब तीन लाख रुपये की है मशीन

मुन्ना बताते हैं कि उन्होंने कमर्शियल राइस मिल मशीन के माध्यम से अपना काम शुरू किया. इस मशीन की कीमत करीब तीन लाख रुपये है. इसे ट्रैक्टर के माध्यम से संचालित किया जाता है. मशीन को ट्रैक्टर से जोड़कर आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया जा सकता है. यही वजह है कि उन्हें एक बैठने की जरूरत नहीं पड़ती.वह गांव-गांव पहुंचकर किसानों के घरों और दरवाजों पर ही धान की कुटाई करते हैं.

विज्ञापन

ये भी पढ़ें: मुरादाबाद में आयुष्मान से जुड़े अस्पताल में नहीं हो रहा इलाज तो करें यह काम, इतने अस्पताल है पंजीकृत

किसानों से नहीं लेते कुटाई का पैसा

इस कारोबार की सबसे खास बात इसकी कमाई का तरीका है. आमतौर पर राइस मिल में धान की कुटाई कराने पर किसानों को पैसे देने पड़ते हैं, लेकिन मुन्ना अपने ग्राहकों से कुटाई का कोई शुल्क नहीं लेते। वह बताते हैं कि धान की कुटाई के बाद निकलने वाली भूसी और चावल की पॉलिश उनके पास रह जाती है. इन्हीं दोनों उत्पादों को बेचकर उन्हें अच्छी आमदनी होती है. मुन्ना का कहना है कि मेहनत और सही तरीके से काम किया जाए तो गांव में रहकर भी अच्छी कमाई की जा सकती है.



Source link