बलिया: उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया में लगने वाले ऐतिहासिक और पौराणिक ददरी मेले के पशु मेले में इन दिनों एक खास नस्ल की गाय लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. यह गाय अपनी शानदार नस्ल, बेहतर दूध उत्पादन और खास खूबियों के चलते पशुपालकों के बीच सुर्खियां बटोर रही है. इसकी कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है. यह गाय प्रतिदिन 20 लीटर दूध देती है. पशु मालिक के अनुसार, यह साहीवाल नस्ल की गाय है, जो बहुत कम बीमार पड़ती है और खानपान को लेकर भी ज्यादा नखरे नहीं दिखाती. यानी कम देखभाल में बेहतर दूध उत्पादन चाहने वाले पशुपालकों के लिए यह अच्छा विकल्प हो सकती है. आइए विस्तार से जानते हैं इसकी खूबियां…
ददरी मेले में 1.10 लाख की गाय बनी आकर्षण का केंद्र
जनपद गाजीपुर के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के रहने वाले पशुप्रेमी बाबा कन्हैया चौरसिया ने बताया कि वह इन दिनों बलिया के ऐतिहासिक और पौराणिक ददरी मेले के पशु मेले में आए हुए हैं, जहां उनकी गाय सबका ध्यान खींच रही है. यह साहीवाल नस्ल की गाय है, जिसने हाल ही में एक बछिया को जन्म दिया है. कन्हैया इसे अपने गृह जनपद से काफी छोटी उम्र में लेकर आए थे, जो अब बड़ी हो गई है. इसके चार दांत हैं और यह अकरे की गाय है.
एक बार में 10 लीटर और दिनभर में देती है 20 लीटर दूध
बाबा कन्हैया चौरसिया के मुताबिक, यह गाय एक समय में करीब 10 लीटर दूध देती है. इस तरह सुबह-शाम दोनों समय मिलाकर इसका प्रतिदिन का दूध उत्पादन लगभग 20 लीटर है. यही वजह है कि मेले में आने वाले पशुपालक इसकी खूबियों और दूध उत्पादन के बारे में जानकारी ले रहे हैं.
भूसा और चोकर समेत सब कुछ खा लेती है यह गाय
विज्ञापन
बाबा ने बताया कि यह गाय खाने-पीने को लेकर बिल्कुल नखरे नहीं करती है. इसे रूखा-सूखा जो भी खिलाया जाता है, वह आसानी से खा लेती है. वह इसे खरी-खुदी, भूसा और चोकर आदि खिलाते हैं. इसके अलावा यह ज्यादा बीमार भी नहीं पड़ती और देखने में भी काफी मजबूत है. इसकी कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है.
साहीवाल गाय के दूध में 4.5 से 5.5 प्रतिशत तक फैट
बताया जाता है कि साहीवाल नस्ल की गाय के दूध में वसा की मात्रा लगभग 4.5 से 5.5 प्रतिशत तक हो सकती है. इसे A2 श्रेणी का दूध देने वाली नस्ल भी माना जाता है. हालांकि, दूध की गुणवत्ता और उत्पादन गाय के खानपान, देखभाल और स्वास्थ्य पर निर्भर करता है. जितनी अच्छी तरह इसकी देखभाल और खानपान का ध्यान रखा जाएगा, उतना ही बेहतर दूध उत्पादन मिलने की संभावना रहती है.
लाल-भूरा रंग और लटकता हुआ गलकंबल है साहीवाल गाय की पहचान
अगर साहीवाल नस्ल की गाय की पहचान की बात करें, तो इसके शरीर का रंग आमतौर पर लाल-भूरा या गहरा लाल होता है. इसकी त्वचा मुलायम और ढीली दिखाई देती है. ठोड़ी के नीचे से शुरू होकर भारी और लटकता हुआ गलकंबल देखा जा सकता है. मादा गाय के पेट के नीचे ढीली नाभि की झालर भी दिखाई देती है.
इसका माथा चौड़ा, कान मध्यम आकार के और सींग छोटे व मोटे होते हैं. कुछ गायों में सींग बहुत छोटे या अविकसित भी हो सकते हैं. इसका कूबड़ अच्छी तरह विकसित होता है और पूंछ लंबी व पतली होती है, जिसके अंत में काले गुच्छे जैसे बाल दिखाई देते हैं. इसका अडर बड़ा और सुडौल होता है.
शांत स्वभाव और मजबूत इम्युनिटी भी है खासियत
बाबा कन्हैया चौरसिया ने बताया कि साहीवाल गाय का स्वभाव काफी शांत और सीधा होता है. इसे देखने के लिए दूर-दराज से लोग मेले में पहुंच रहे हैं. इस नस्ल की गायों की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी अच्छी मानी जाती है. यही वजह है कि ये अलग-अलग मौसम और परिस्थितियों में आसानी से ढल जाती हैं.
