– रामपुर कारखाना के आरओ को कारण बताओ नोटिस, सलेमपुर के एडीओ पंचायत का वेतन रोकने के निर्देश
– मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में ढिलाई पर डीएम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर डीएम मधुसूदन हुल्गी ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में अभियान की समीक्षा के दौरान अनुपस्थित रहने पर बीडीओ देवरिया का वेतन रोकने के निर्देश दिए। आरओ रामपुर कारखाना को कारण बताओ नोटिस जारी करने, आरओ सदर को प्रतिकूल प्रविष्टि देने और एडीओ पंचायत सलेमपुर का वेतन रोकने के निर्देश दिए। तहसीलदार बरहज से भी स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
डीएम ने समीक्षा बैठक में अब तक हुए पुनरीक्षण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम शामिल करने के लिए सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी गंभीरता से काम करें। प्रतिदिन अधिक से अधिक फॉर्म-6 प्राप्त कर उनकी ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित कराई जाए। पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समेत अन्य कर्मचारियों के कार्यों की नियमित निगरानी की जाए।
उन्होंने सभी आरओ और एआरओ को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के कामकाज का प्रभावी पर्यवेक्षण करने तथा लापरवाही बरतने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ अनुशासनात्मक और विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सीडीओ राजेश कुमार सिंह, सीआरओ चंद्रेश कुमार सिंह, एएसडीएम अवधेश सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
