– घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की परिवार की जानकारी, बोलीं- विकास योजनाओं के निर्धारण में जनगणना की अहम भूमिका
फर्रुखाबाद।भारत की जनगणना-2027 को लेकर जिले में स्वगणना अभियान को गति देने के प्रयास शुरू हो गए हैं। इसी क्रम में कायमगंज की विधायक डॉ. सुरभि ने स्वयं अपनी स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर जनपदवासियों को इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी का संदेश दिया।
स्वगणना अभियान में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने और आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से उप जिलाधिकारी न्यायिक कायमगंज विधायक के आवास पर पहुंचे। उन्होंने विधायक को स्वगणना पोर्टल पर निर्धारित विवरण भरने और ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से स्वगणना पूरी करने की जानकारी दी।
इस अवसर पर विधायक डॉ. सुरभि ने कहा कि भारत की जनगणना-2027 देश के भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्धारण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, पेयजल सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है।
उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। सभी लोग निर्धारित समयावधि में स्वयं और अपने परिवार की सही जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराएं।
विधायक ने जनपदवासियों से अपील की कि वे खुद स्वगणना करने के साथ ही अपने आसपास के लोगों, रिश्तेदारों और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि जिले में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
घर बैठे कर सकते हैं स्वगणना
भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना की सुविधा ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in पर उपलब्ध कराई गई है। नागरिक निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए घर बैठे अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने भी जनपदवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
