यूपी के गोंडा में व्यापारी विनोद साहनी की हत्या के बाद उनके परिजनों से मिलने के लिए आजाद समाज पार्टी के प्रमुख व सांसद चंद्रशेखर आजाद के रेक्सड़िया पहुंचने की सूचना पर बृहस्पतिवार को गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस की कड़ी निगरानी रही। हालांकि, शाम तक चंद्रशेखर के गांव नहीं पहुंचने से पुलिस की सक्रियता के बीच स्थिति सामान्य रही।

शाहपुर बाजार से रेक्सड़िया और कमियार जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह बैरिकेडिंग कर पुलिसकर्मी तैनात किए गए। विनोद के घर जाने वालों से पूछताछ की गई। घर पर पुलिस गारद, स्थानीय पुलिस और एलआईयू की तैनाती रही, जबकि शाहपुर में पीएसी ने कैंप किया।

आजाद समाज पार्टी के मंडल अध्यक्ष जयशंकर गौतम के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित आवास पर भी पुलिस तैनात रही। जयशंकर गौतम ने खुद को हाउस अरेस्ट किए जाने की बात कही। उनके आवास पर बलरामपुर के मुख्य जिला प्रभारी बाबादीन सोल्जर और भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष रामबचन गौतम के मौजूद रहने की जानकारी दी गई।

खेतों से होकर पहुंचे सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी

मोस्ट कल्याण संस्थान सुल्तानपुर के फाउंडर-डायरेक्टर एवं अध्यापक श्याम लाल निषाद और संस्थान के जनरल सेक्रेटरी व सेवानिवृत्त नेवी अधिकारी राम उजागिर यादव रेक्सड़िया पहुंचे। दोनों ने विनोद साहनी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। श्याम लाल निषाद ने बताया कि गांव तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। 

चौपहिया वाहन रास्ते में खड़ा करना पड़ा। इसके बाद बाइक और फिर कुछ दूरी धान के खेतों से पैदल चलकर घर पहुंचना पड़ा। उन्होंने कहा कि परिवार को सुरक्षा और संरक्षण की जरूरत है। प्रशासन को दिए गए मांग पत्र पर कार्रवाई नहीं होने का भी उन्होंने आरोप लगाया।

पीड़ित परिवार को अब तक 60 हजार की मदद

विनोद के बेटे राजा ने बताया कि अपना दल कमेरावादी की विधायक पल्लवी पटेल ने 10 हजार, मंत्री संजय निषाद ने पांच हजार और मोस्ट कल्याण संस्थान सुल्तानपुर के पदाधिकारियों ने 10 हजार रुपये की सहायता दी है। इसके अलावा कुछ अन्य लोगों ने भी मदद की है। राजा के मुताबिक, अब तक परिवार को करीब 60 हजार रुपये की सहायता मिल चुकी है। उनका कहना है कि प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आर्थिक मदद नहीं मिली है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें