सोशल मीडिया पर बुधवार को एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें थाना एलाऊ क्षेत्र में ट्रक परिचालक की गोली मारकर हत्या के बाद पुलिस पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद थी। हंगामे के बीच सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह की कुछ लोगों से बहस हो रही थी, तब सीओ ने वीडियो बना रहे कुछ लोगों से वीडियो को पूर्व मुख्यमंत्री को भेजने की बात कही। वीडियो में सीओ मूंछों पर ताव देखते हुए भी दिख रहे हैं। हंगामे में मौजूद एक युवक लगातार बोल रहा था कि अखिलेश भैया से शिकायत करेंगे, तो सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने कह दिया की बनाओ वीडियो, वायरल कर देना और अखिलेश यादव को भेज देना। यह वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
