वृंदावन के श्रीबांकेबिहारी मंदिर के वीआईपी कठघरे में एक युवक और युवती द्वारा रिंग सेरेमनी किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद से श्रद्धालुओं और लोगों में गहरा रोष है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आराध्य श्रीबांकेबिहारीजी के समक्ष वीआईपी कठघरे में खड़े होकर युवक-युवती ने पहले एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और फिर अंगूठी पहनाकर सगाई की रस्म पूरी की।
मंदिर परिसर में इस तरह के निजी कार्यक्रम में सामाजिक रस्में निभाने को लेकर भक्तों ने कड़ी आपत्ति जताई है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, न कि निजी कार्यक्रमों का स्थल। मंदिर में इस प्रकार की गतिविधियों से इसकी मर्यादा को ठेस पहुंच रही है।
