कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के चितावा खेड़ा गांव में अभिषेक की मौत के मामले में उसके पिता रामजीवन के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। छोटे भाई आनंद कुशवाहा की शिकायत पर पुलिस ने रामजीवन पर गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
.
FIR में आरोप है कि पुरानी जमीन बेचने से मिले पैसों को लेकर विवाद हुआ था। रामजीवन शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। अभिषेक ने इसका विरोध किया, जिसके बाद पिता-पुत्र के बीच मारपीट हुई और अभिषेक के सिर पर पत्थर से हमला किया गया।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, रामजीवन कुशवाहा ने पुरानी जमीन बेचकर करीब 15 लाख रुपये लिए थे। आरोप है कि इसमें से 3 लाख 50 हजार रुपये शराब पीने के लिए मांगे गए। मृतक अभिषेक ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों में विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि 21 सितंबर 2026 की रात इसी विवाद के दौरान रामजीवन ने अपने बेटे अभिषेक के साथ मारपीट की। उसने अभिषेक के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को इलाज के लिए कल्याणपुर के आशिर्या अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान 23 सितंबर की सुबह अभिषेक की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में दुख छा गया। इसके बाद मृतक के छोटे भाई आनंद कुशवाहा ने पुलिस को शिकायत देकर पिता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर रामजीवन कुशवाहा (करीब 45 साल, निवासी रसधान चितवाखेड़ा, थाना सिकंदरा) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में धारा 105 BNS (गैरइरादतन हत्या) के तहत FIR दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपी पिता घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। अब पुलिस की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सामने आने वाले सबूतों के आधार पर घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
