गांव डूडहा निवासी वृद्ध महिला ने अपने फौजी बेटे पर शराब के नशे में मारपीट करने और गला दबाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव डूडहा निवासी रामबेटी (65) ने थाना पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि 23 जून की रात करीब 11 बजे उनका पुत्र धीरेंद्र शाक्य, जो सेना में कार्यरत है, शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर उसने उनके साथ मारपीट की और गला दबाने का प्रयास किया। पीड़िता का आरोप है कि उसका पुत्र आए दिन शराब के नशे में विवाद करता है तथा उसके साथ अभद्र व्यवहार करता है। मारपीट में महिला को गंभीर चोटें भी आई हैं। वृद्ध महिला ने आरोपी पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कार्रवाई की जाएगी।
