बाराबंकी के फतेहपुर थाना क्षेत्र के भैसुरिया शारदा सहायक नहर में मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव मिला। शव नहर के जाल में फंसा हुआ था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

.

मंगलवार दोपहर स्थानीय ग्रामीणों ने शारदा सहायक नहर में एक शव को जाल में फंसा देखा। शव पानी में काफी समय से था, जिस कारण वह करीब 30 प्रतिशत तक सड़ चुका था। उससे तेज दुर्गंध भी आ रही थी। ग्रामीणों ने तुरंत फतेहपुर पुलिस को इसकी सूचना दी और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए फतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। शव की खराब स्थिति के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

फतेहपुर की उप निरीक्षक सुषमा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शव काफी पुराना और सड़ा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर महिला की पहचान के प्रयास कर रही है।



Source link

अभी अभी की खबरें