{“_id”:”6ad9b945e38ee7719c078f4b”,”slug”:”polling-parties-depart-for-the-teachers-mlc-election-in-bareilly-2026-10-22″,”type”:”feature-story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”शिक्षक एमएलसी चुनाव: बरेली जिले में 6763 शिक्षक वोटर करेंगे मतदान, 25 बूथों पर रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

रवानगी से पहले संजय कम्युनिटी हॉल में जुटे मतदान कार्मिक।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को बरेली जिले के सभी 25 मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गईं। संजय कम्युनिटी हॉल से मतदान कर्मियों को आवश्यक चुनाव सामग्री देकर निर्धारित मतदान स्थलों के लिए भेजा गया। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदान कर्मियों के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह के मुताबिक बरेली-मुरादाबाद खंड में कुल 46,699 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें बरेली जिले के 6,763 शिक्षक मतदाता शामिल हैं। जिले में मतदान के लिए प्रत्येक बूथ पर एक पीठासीन अधिकारी और तीन मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा प्रत्येक बूथ पर एक माइक्रो ऑब्जर्वर और एक वीडियोग्राफर भी तैनात रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत एक उपनिरीक्षक और दो सशस्त्र पुलिसकर्मी भी लगाए गए हैं।
यह भी पढ़ें- शिक्षक एमएलसी चुनाव: बिजनौर में सर्वाधिक, रामपुर जिले में सबसे कम मतदाता, कल 105 बूथों पर होगा मतदान
मोबाइल फोन ले जाने पर रोक
मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए वीडियोग्राफी और माइक्रो ऑब्जर्वर की व्यवस्था की गई है। मतदान स्थल के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर रोक रहेगी। मतदान कर्मियों को निर्धारित समय पर केंद्रों पर पहुंचकर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों और समाजवादी पार्टी के हाजी दानिश अख्तर प्रमुख प्रत्याशी हैं। मतदान के बाद मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा जाएगा। मतगणना और परिणाम की घोषणा निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी।
