रामपुरा। थाना क्षेत्र के टीहर रोड पर नहर के पास मंगलवार रात करीब आठ बजे टेंपो और ऑल्टो कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में टेंपो चालक समेत सात लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया।

ग्राम छौना निवासी शत्रुघ्न सिंह सेंगर के यहां रामायण भंडारे का आयोजन हुआ था। प्रसाद ग्रहण करने के बाद कुछ लोग टेंपो से अपने गांव लौट रहे थे। टेंपो हिमांशु सिंह (23) चला रहा था। इसी दौरान ऊमरी की ओर से रामपुरा आ रही ऑल्टो कार से टीहर रोड पर नहर के पास टेंपो की टक्कर हो गई। कार हाजीपुर निवासी पवन परिहार चला रहे थे।

हादसे में टेंपो सवार राधिका (17), रूबी (30), सुमन देवी (35), ममता देवी (33), निशा देवी (38) और चालक हिमांशु घायल हो गए। सभी ग्राम छौना के निवासी हैं। वहीं, कार चालक पवन सिंह पुत्र जयवीर सिंह निवासी हाजीपुर, थाना कुठौंद भी घायल हो गए। राधिका और निशा देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया।

कार में हाजीपुर निवासी जसवंत सिंह (70), डोलू और मिंटू भी सवार थे। बताया गया कि कार में मोबाइल से गाना जोड़ने के प्रयास के दौरान हादसा हुआ। कार चालक के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

रामपुरा थाना प्रभारी भूपेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *