रामपुरा (जालौन)। श्रावण मास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन और व्यापारियों में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार शाम करीब सात बजे क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अंबुज यादव के नेतृत्व में जगम्मनपुर बाजार में पुलिस ने पैदल गश्त किया।
इस दौरान पुलिस टीम ने बाजार के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण करते हुए व्यापारियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने लोगों से निर्भीक होकर अपना व्यापार करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में मंदिरों और बाजारों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
क्षेत्राधिकारी ने व्यापारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया। पैदल गश्त के दौरान बाजार में आने-जाने वाले लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह भी दी गई।
इस अवसर पर जगम्मनपुर पुलिस चौकी प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। पुलिस की इस पैदल गश्त से व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई और लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए इस प्रकार के पैदल गश्त और जनसंपर्क अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *