उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती से 8 महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यह मामला सिरसिया थाना क्षेत्र के बनकटवा कला गांव का बताया जा रहा है. मृतका के परिजनों का आरोप है कि मामूली बात को लेकर हुए विवाद के बाद ससुर ने अपनी ही गर्भवती बहू को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि 8 माह की गर्भवती महिला घर पर मौजूद थी, तभी किसी घरेलू बात को लेकर विवाद शुरू हुआ. मृतका के परिजनों का गंभीर आरोप है कि गुस्से में आकर ससुर ने लाठी-डंडों से बहू की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी जान चली गई.
लखनऊ MLC चुनाव: दिग्गज ज्योतिष की पत्नी को मिले केवल 300 वोट, सोशल मीडिया पर चर्चा
मामले की नजाकत को देखते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया ताकि कोई भी सबूत छूट न सके. पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मुख्य आरोपी ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
श्रावस्ती अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) चंद्रकेश सिंह के मुताबिक, “सिरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बनकटवा कला गांव में एक महिला की मृत्यु का प्रकरण संज्ञान में आया है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मुआयना किया है और साक्ष्य संकलित किए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.”
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
श्रावस्ती अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) चंद्रकेश सिंह ने बताया कि मौके से आरोपी ससुर को हिरासत में ले लिया गया है. आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. गांव में वर्तमान में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है.
साइक्लोन अर्नब का असर, पूर्वी यूपी में आज भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट
